बस और बोलेरो में भीषण टक्कर,आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल,देरी होने की वजह से ड्राइवर तेज चला रहा था बस…

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में बस और बोलेरो की आमने-सामने से टक्कर हो गई । इस टक्कर में बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस टक्कर की वजह से आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसमें बोलेरो में सवार 10 वर्षीय बच्ची भी शामिल है।घटना के बाद सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है। घायल 10 वर्षीय बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बस परिचालन के लिए जो समय निर्धारित किया रहता है, वह फेल हो गया था। ऐसे में उस टाइम को मेंटेन करने लिए चालक बस को तेजगति में चला रहा था। इसी बीच सदर थाना क्षेत्र के चतरा-सिमरिया मुख्यपथ पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप सामने से आ रही बोलेरो से बस की सीधी टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राहत बचाव कार्य शुरू हुआ।

सड़क हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में एक 10 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका नाम शिफा परवीन बताया जा रहा है। उसे चतरा सदर अस्पताल से रिम्स रेफर किया गया है। सभी घायल शहर के आजादनगर मुहल्ले के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।