Jharkhand:लातेहार-लोहरदगा जिले की सीमा के बुलबुल जंगल में आईईडी ब्लास्ट में महिला की मौत

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार-लोहरदगा जिले की सीमा के बुलबुल जंगल में आईईडी ब्लास्ट में महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान सकुंती देवी के रूप में हुई है। मृतका सकुंती देवी अपने रिश्तेदार के गांव गोताग गयी थी। बुलबुल जंगल में वह महुआ चुनने गयी थी। इसी दौरान हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गयी है।

बताया जा रहा है कि मृतका सकुंती देवी शुक्रवार को महुआ चुनने के लिए बुलबुल जंगल की ओर गयी थी। इसी बीच नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी लैंड माइंस की चपेट में वह आ गयी। इससे मौके पर ही उस महिला की मौत हो गयी। परिजनों द्वारा मृतका के शव को उसके मायके गणेशपुर (सरयू) में लाया गया। जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस छानबीन में जुट गई है।

बता दें हाल ही में तरवाडीह पंचायत के कुड़पानी जंगल में भी महुआ चुनते वक्त प्रेशर बम की चपेट में आकर आदिवासी महिला ललिता देवी बुरी तरह ज़ख्मी हो गयी थी।ललिता देवी फ़िलहाल इलाजरत है।लेकिन शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट है। नक्सलियों द्वारा जंगल में लैंड माइंस छिपाकर रख दिया जाता है। पहले भी कई लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।