जामताड़ा:बस का टायर फटने से बस सड़क पर पलट गई,दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले में गोविंदपुर साहिबगंज हाईवे पर जामताड़ा मार्ग में अजय नदी के समीप एक बस का टायर फट गया। इससे बस पलट गई। इस दौरान रास्ते से होकर गुजर रही मालवाहक वाहन अनियंत्रित हो गई। वह सीधे बस से जाकर टकरा गई। हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। करीब आधा दर्जन लोगों की स्थिति गंभीर है। इन्हें बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने धनबाद रेफर कर दिया है। दुर्घटनाग्रस्त हुई बस का नाम मोनिका बताया जा रहा है।

बस पर सवार यात्री ने बताया कि बस कुंडहित से जामताड़ा आ रही थी। अजय नदी के समीप बस का टायर फट गया। जिससे बस पलट गई। इसी दौरान एक मालवाहक वैन ने आकर बस को टक्कर मार दी। इससे ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस तथा स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया गया कि दुर्घटना इतनी भीषण रही कि मालवाहक का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बस का शीशा टूट गया है। दुर्घटना के बाद पर्याप्त संसाधन नहीं रहने के कारण घायल लोग काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। इसके बाद इसकी सूचना जामताड़ा पुलिस को दी गई। इसके बाद जामताड़ा थाना पुलिस पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बस पर सवार यात्रियों ने बताया कि सड़क घुमावदार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका।