सिमडेगा: 3 दिन बाद पुलिस ने महिला का शव जमीन से बाहर निकाला,गर्भवती पत्नी की हत्या कर शव को दफना दिया था,आरोपी पति गिरफ्तार

​​​​​​​सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र स्थित लम्बोई पंचायत के करमापानी भंडार टोली में पति ने पीट-पीटकर अपनी तीन माह की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी थी।हत्या के बाद गांव में पत्नी द्वारा आत्महत्या करने की बात फैला शव को नदी किनारे दफना दिया।बताया जाता है कि आरोपी अपनी पत्नी की आपसी विवाद में अक्सर पिटाई करता था। घटना शुक्रवार की है।

इधर मृतका के पिता को अपने दामाद पर संदेह था।उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो हत्या को बात सामने आई उसके बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।उसकी निशानदेही पर मंगलवार को शव को जमीन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। यह जानकारी थाना प्रभारी फिलिप मिंज ने दी।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान बासमती देवी (30) के रूप में की गई। दंपती की दो बेटियां है। शुक्रवार को घटना की सूचना के बाद मृतका के पिता सहरू साय आरोपी जगदीश गंगेश्वर के घर पहुंचे। यहां बेटी के शव पर उन्होंने चोट के निशान देखे। इसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी देने के उद्देश्य से सहरू साय अपने घर वापस चले गए। इसी बीच जगदीश गंगेश्वर ने पत्नी द्वारा सुसाइड करने की बात फैला शव को नदी किनारे दफना दिया।

इधर, मृतिका के पिता सहरू साय ने पुलिस ने यह बताया कि जगदीश गंगेश्वर अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था। एक माह पूर्व भी उसने बासमती की पिटाई कर उसे घर से बाहर निकाल दिया था। सहरू साय ने जलडेगा थाना में दामाद पर हत्या का आरोप लगा मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।