राँची की बेटी भव्या रंजन ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन की, 99.8% अंक के साथ राष्ट्रीय टॉपर होने का दावा….
राँची।राँची की बेटी भव्या रंजन ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्ट्स स्ट्रीम में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल किया है। अब तक मिले आंकड़ों के अनुसार, राँची स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा भव्या आर्ट्स स्ट्रीम की नेशनल टॉपर मानी जा रही है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे स्कूल, परिवार और शहर में खुशी का माहौल है।
भव्या की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है. खास बात यह है कि उन्होंने इंग्लिश, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस और पेंटिंग जैसे विषयों में 100 में 100 अंक प्राप्त किए हैं।उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की चर्चा अब पूरे झारखण्ड में हो रही है।
भव्या ने कहा कि उन्होंने कभी पढ़ाई को घंटों में नहीं बांधा। उनका पूरा फोकस “प्रोडक्टिव स्टडी” पर रहता था।उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और खुद पर भरोसा उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रही भव्या ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को दिया।
भव्या ने बताया कि स्कूल के शिक्षकों का उन्हें हर कदम पर सहयोग मिला। परीक्षा की तैयारी के दौरान जब भी किसी विषय में परेशानी हुई, शिक्षकों ने उसे दूर करने में मदद की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी जरूरी होता है और इसी वजह से उन्होंने कभी दबाव महसूस नहीं किया।
भव्या की मां विकी गांधी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि उनके पिता राजीव रंजन व्यवसायी हैं।बेटी की सफलता पर दोनों बेहद भावुक नजर आए। मां ने बताया कि भव्या शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है।क्लास वन से लेकर 12वीं तक उसने लगातार टॉप किया।हालांकि उन्हें उम्मीद थी कि बेटी अच्छे अंक लाएगी, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी।
वहीं पिता राजीव रंजन ने कहा कि बच्चों को समय देना सबसे जरूरी होता है। अगर माता-पिता बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उन्हें सही वातावरण दें तो बच्चे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज उनकी बेटी ने परिवार का सपना पूरा कर दिया है।भव्या का अगला लक्ष्य सिविल सर्विसेज में जाना है। उन्होंने कहा कि वह आगे यूपीएससी की तैयारी करना चाहती हैं और देश सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहती हैं।परिवार को भी भरोसा है कि 12वीं की तरह वह सिविल सर्विसेज परीक्षा में भी सफलता का नया इतिहास रचेंगी।
ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की अकादमिक डायरेक्टर सिम्मी मेहता ने भव्या की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्कूल के सभी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन भव्या की उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण है।राँची की इस होनहार बेटी ने न सिर्फ अपने परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे झारखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

