नशे में धुत कार चालक ने पेड़ में मारी टक्कर,दुर्घटना में छात्र की मौत, दो गंभीर रूप से घायल,
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिला अंतर्गत बसिया थाना क्षेत्र के केमताटोली चर्च के समीप राँची-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर बुधवार तड़के करीब ढाई बजे एक सड़क दुर्घटना हुई। शराब के नशे में धुत कार चालक ने तीखे मोड़ पर वाहन से अपना संतुलन खो दिया। जिसके बाद कार सड़क पर चार-पांच बार पलटते हुए सीधे एक पेड़ से जा टकरायी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम कर जाग गये।इस हादसे में रनिया के बलंकल निवासी 25 वर्षीय मनीष नाग की मौके पर ही मौत हो गयी।मनीष खूंटी के बिरसा कॉलेज का छात्र था और परिजनों के अनुसार वह एक शादी समारोह में शामिल होने गरई गांव गया था।घटना के वक्त कार में मनीष के साथ उसके दो अन्य मित्र, कामडारा निवासी बिमल नाग (22) और भुवनेश्वर साहू (22) भी सवार थे, जो इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये है।
पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त बसिया से कामडारा की ओर अत्यधिक तेज रफ्तार में जा रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर बसिया पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया।वहीं, गंभीर रूप से घायल बिमल और भुवनेश्वर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया है। बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मनीष की अकाल मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

