दुमका:नाबालिग के साथ दरिंदगी की हदें पार; पहाड़ पर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने तीनों दरिंदों को भेजा जेल

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक आदिवासी बहुल इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 13-14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास हेंब्रम, साहेब मुर्मू और मिथुन सोरेन के रूप में हुई है, जो एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना के संबंध में पीड़िता के भाई द्वारा जरमुंडी थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, बीते दिन नाबालिग बच्ची घर के पास ही गाय चराने गई थी।इसी दौरान पहले से ही घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों ने उसे अकेला पाकर जबरन दबोच लिया। आरोपी उसे घसीटते हुए पास ही स्थित पहाड़ की झाड़ियों में ले गए, जहां बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता की माँ अपनी बेटी के लिए दोपहर का खाना लेकर मैदान में पहुंची।बेटी को वहां न पाकर माँ परेशान हो गई और आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब परिजनों ने पहाड़ की ओर जाकर पीड़िता का नाम पुकारा, तो उन्हें झाड़ियों के पीछे से रोने की आवाज सुनाई दी।आवाज का पीछा करते हुए जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।पीड़िता एक आरोपी के साथ आपत्तिजनक हालत में पाई गई।ग्रामीणों को आता देख दो आरोपी झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जबकि एक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जरमुंडी थाना पुलिस सक्रिय हुई। पकड़े गए युवक की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य दो फरार आरोपियों को भी उनके ठिकानों से धर दबोचा। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत कांड संख्या दर्ज कर ली है। तीनों आरोपियों को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जरमुंडी इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।पीड़िता को उचित इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!