Ranchi:बाइक और साइकिल में टक्कर,दो लोगों की मौत,चार घायल,एक बाइक पर पांच नाबालिग सवार थे..

राँची।जिले के राहे थाना क्षेत्र में नए साल के पहले दिन सोमवार को सड़क दुर्घटना में जहां दो लोगों की मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल हो गए। घटना राहे ओपी के बासाहातू और इचाहातू के बीच सिल्ली-राहे सड़क पर हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना सोमवार शाम साढ़े छह बजे की है। एक बाइक जेएच 01 ईई-2444 पर पांच युवक सवार थे। तेज गति से आकर एक साइकिल सवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से साइकिल सवार व्यक्ति जगमोहन सिंह मुंडा की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। यह बासाहातू गांव का रहने वाला था।टक्कर के बाद बाइक पर सवार सभी पांच युवक घटना स्थल पर ही गिरने से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सिंगपुर अस्पताल भेजा गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में 14 वर्षीय प्रदीप महतो की मौत हो गयी। यह डोमनडीह गांव का रहने वाला था। घायल सभी डोमनडीह गांव के ही हैं। सभी सिल्ली से घर वापस लौट रहे थे। अन्य घायल में बुधेश्वर महतो (15 वर्ष) अमित महतो (14 वर्ष) मन्ना लोहरा (15 वर्ष) और मोहन महतो (14 वर्ष) सभी का इलाज सिल्ली में किया जा रहा है।