सात लोगों की हत्याकांड में शामिल फरार आरोपी को 18 साल बाद राँची पुलिस ने पंजाब से किया गिरफ्तार

राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना ओपी की पुलिस ने 18 साल बाद 7 लोगो की हत्या मामले में फरार आरोपी विजय महतो को पंजाब से गिरफ्तार किया है। फरार विजय महतो की गिरफ्तारी के लिए राँची के सिटी एसपी राज कुमार मेहता ने हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी।उन्हें सूचना मिली थी कि विजय महतो पंजाब में छिपकर रह रहा है।इसके बाद पुलिस की एक टीम पंजाब पहुंची और ‌उसे पंजाब पुलिस की सहायता से आज एक जनवरी को गिरफ्तार किया है। पंजाब से लेकर उसे पुलिस बुधवार को राँची पहुंच सकती है। इस हत्याकांड में तुपुदाना ओपी में वर्ष 2005 में हत्या की प्राथमिकी 19 आरोपियों के विरुद्ध दर्ज हुई थी। इस मामले में अधिकांश आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। पुलिस इस मामले में 18 आरोपी भोंदू, बिनोद महतो, मासुकोका महतो, कदरू महतो, जलेश महतो, धुरन महतो, भकरू महतो, एतवा लोहरा, चंदरू महतो, आनंद महतो, हरि महतो, झरिया महतो, दिलू महतो, घोघई महतो, कुसुम घासी, सुरेश महतो, आसमान महतो और बहलू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है वर्ष 2005 से ही हजाम का रहने वाला विजय महतो फरार चल रहा था।