Ranchi:महिला सब्जी खरीदकर घर लौट रही थी,रास्ते में महिला के गले से चेन छिनतई कर अपराधी फरार हो गया

राँची।राजधानी राँची में डोरंडा थाना क्षेत्र के गांधी नगर कॉलोनी में बाइक सवार अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन की छिनतई कर ली।यह घटना शनिवार सुबह नौ बजे की है।बताया जा रहा है कि महिला के पुत्र बिहार में सरकारी विभाग में पदस्थापित हैं।

महिला के पुत्र रमन मुरारी ने इस संबंध में डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।थाने में रमन मुरारी ने पुलिस को बताया कि वह गांधीनगर कॉलोनी में रहते हैं। शनिवार की सुबह नौ बजे उनकी माँ सब्जी खरीदने गई थी। जब वह लौट रही थी तो पीछे से बाइक सवार अपराधी आए। एक अपराधी बाइक लेकर कुछ दूर में खड़ा हो गया। जबकि दूसरा अपराधी पैदल महिला के पास पहुंचा। उनके गले से सोने की चेन छीन लिया। इसके बाद बाइक पर बैठकर फरार हो गया।

हालांकि बुजुर्ग महिला ने शोर भी मचाया। लेकिन अपराधी तेजी से भाग निकले। इधर, डोरंडा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरा से घटना का फुटेज निकाल कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।