हवाई जहाज में महिला पर पेशाब करने वाला शंकर मिश्रा को पुलिस ने किया गिरफ्तार,14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया..

नई दिल्ली।पिछले साल नवंबर में एयर इंडिया की एक फ्लाइट में महिला यात्री पर पेशाब करने के आरोपी शंकर मिश्रा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उसकी पुलिस हिरासत की मांग की थी जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजने से इनकार करते हुए, दिल्ली की अदालत ने पुलिस से पूछा, “पुलिस हिरासत का आधार क्या है? सिर्फ इसलिए कि जनता का दबाव है, ऐसा मत करो। कायदे से चलो।” बता दें कि मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह बेंगलुरू से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसे दिल्ली लाया गया। उसकी गिरफ्तारी अमेरिकी वित्तीय सेवा कंपनी वेल्स फारगो द्वारा निकाले जाने के एक दिन बाद हुई है।  

आरोपी शंकर मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान की बिजनेस क्लास में नशे की हालत में एक बुजुर्ग महिला पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने महिला द्वारा एअर इंडिया को दी गई शिकायत के आधार पर चार जनवरी को मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

इस सम्बंध बेंगलुरु पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी बेंगलुरु के संजय नगर में अपनी बहन के घर रह रहा था और बेंगलुरु पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में दिल्ली पुलिस की मदद की। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा ने तीन जनवरी को अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और उसकी आखिरी लोकेशन बेंगलुरु में पायी गयी थी। उन्होंने बताया कि वह बेंगलुरु में यात्रा करने के लिए टैक्सी लिया करता था। उसके यात्रा का ब्यौरा निकाला गया और उस रास्ते का पता लगाया गया जिससे वह अपने दफ्तर जाता था।

क्या है मामला
प्राथमिकी के अनुसार, 26 नवंबर 2022 को एआई-102 विमान में भोजन परोसे जाने के बाद जब बत्तियां बंद की गईं तो ‘बिजनेस क्लास’ में 8ए सीट पर बैठा नशे में धुत एक पुरुष यात्री, एक बुजुर्ग महिला की सीट के पास गया और उन पर पेशाब कर दिया। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 354, 509, 510 और विमान कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
:साभार