मानवीय संवेदना को झकझोरने वाली खबर:प्रेमी ने ही प्रेमिका की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया था,पुलिस ने प्रेमी सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार..

पलामू।जिला महिला ने प्यार के लिए छोड़ दिया परिवार,वही प्रेमी निकला प्रेमिका का गुनहगार।पलामू में एक महिला ने प्यार के लिए अपने परिवार को छोड़ दिया है।लेकिन उसी प्यार ने उसकी जान ले ली।पुलिस ने आरोपी प्रेमी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी कहानी मानवीय संवेदना को झकझोरने वाली है।दरअसल गढ़वा के रमकंडा थाना क्षेत्र में बुधवार को किरण देवी नामक एक महिला का पेड़ से झूलता हुआ शव बरामद किया गया था।उस दौरान यह बात बताई गई थी कि किरण देवी ने आत्महत्या कर ली है।लेकिन गुरुवार को पूरे मामले में मृतका किरण देवी की माँ रमकंडा थाना को आवेदन दिया। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ कि आत्महत्या नहीं हत्या की गई थी। रमकंडा पुलिस ने मामले में किरण देवी के प्रेमी महेश साहू और उसके पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।इस सम्बंध में रंका एसडीपीओ सुदर्शन आस्तिक ने बताया कि हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की अनुसंधान कर रही है।

बता दें गढ़वा के रमकंडा की रहने वाली किरण देवी की शादी तीन महीने पहले पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी के रहने वाले जितेंद्र भूइयां के साथ हुई थी। लेकिन शादी से पहले किरण का प्रेम प्रसंग अपने गांव के ही महेश साव के साथ चल रहा था।शादी के कुछ दिनों बाद ही किरण का पति जितेंद्र भुईयां अपने पिता के साथ मजदूरी के लिए चेन्नई चला गया था।इधर महेश साव अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए लगातार बाघी गांव जाता था।

16- 17 अगस्त की रात प्रेमी महेश किरण से मिलने गया था। किरण और महेश को ग्रामीणों ने छत पर देख लिया था।जिसके बाद वे शोर मचाने लगे थे। ग्रामीणों के शोर के बाद महेश छत से कूद कर भाग गया था। इस दौरान महेश की बाइक मौके पर ही छूट गई।उसके बाद 18 अगस्त को महेश अपने बाइक को लेने के लिए बाघी गांव पंहुचा था। जहां ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बाद में ग्रामीणों ने महेश और उसकी प्रेमिका किरण को बंधक बना लिया।इस दौरान दोनों के हाथ पैर बांध दिए गए और पिटाई की गई। ग्रामीणों ने पंचायत लगाकर महेश पर एक लाख का जुर्माना लगाया था, महेश ने तत्काल पंचायत में 10 हजार रुपये जमा किया। जिसके बाद पंचायत ने दोनों को रमकंडा के लिए रवाना कर दिया था। इस दौरान पंचायत ने किरण के पति को पूरी घटना की जानकारी दी थी।घटना की जानकारी मिलने के बाद पति ने किरण को अपनाने से इंकार कर दिया था।पूरी घटना का वीडियो 19 अगस्त को वायरल हुआ था, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

बताया जाता है कि पलामू से जाने के बाद किरण अपने प्रेमी महेश के घर पर ही रह रही थी। मिली जानकारी के अनुसार प्रेमी महेश का परिवार किरण को अपनाने से इंकार कर रहा था। किरण की जाति को लेकर महेश के परिजन नाराज थे। बुधवार को प्रेमी के घर से कुछ ही दूरी पर किरण का शव पेड़ से झूलता हुआ पाया गया था। शुरू में यह खबर निकल कर आई थी कि किरण ने आत्महत्या कर ली है। गुरुवार को पूरे मामले में जब एफआईआर दर्ज की गई है। जिसके बाद पुलिस ने हत्या के बिंदुओं पर अनुसंधान शुरू किया है। इधर पलामू के रामगढ़ थाना में किरण उसके प्रेमी की पंचायत कर पिटाई करने वाले आरोपियों खिलाफ भी अलग से एफआईआर दर्ज की गई है। रामगढ़ थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।