Ranchi:फिर पुलिस को चकमा देकर रिम्स से कैदी हुआ फरार, महीने भर के दौरान हुई दूसरी घटना….

 

राँची। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के कैदी वार्ड की सुरक्षा में बार-बार सेंध लग रही है। इसी दौरान मंगलवार की सुबह रिम्स के कैदी वार्ड से पुलिस को चकमा देकर सूरज मुंडा नाम का एक कैदी फरार हो गया।मामले की जानकारी मिलने के बाद रिम्स में अफरा तफरी मच गई।बरियातू पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुटी हुई है।कैदी को राँची जेल से बीते दस अक्टूबर को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती करवाया गया था।सीसीटीवी फुटेज जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली है कि सूरज मुंडा 31 अक्टूबर की अहले सुबह दो से तीन बजे के बीच फरार हुआ है।

राँची के चुटिया थाना क्षेत्र से सूरज मुंडा को दो माह पूर्व चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।गिरफ्तार करने के बाद उसे राँची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया था। इससे पहले 12 सितंबर को रिम्स अस्पताल में इलाजरत वशीर नाम का कैदी हथकड़ी सहित फरार हो गया था।