Ranchi: कांटाटोली फ्लाई ओवर अब कोकर के शांति नगर से बहु बाजार से आगे योगदा मठ तक बनेगा,तीसरी बार बनी डीपीआर,224.94 करोड़ होंगे खर्च

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में बहुप्रतीक्षित कांटाटोली फ्लाई ओवर के निर्माण में एक बार फिर से संशोधन किया गया है।अब नए संशोधन में इसकी लंबाई को भी बढ़ा दिया गया है। अब 2224 मीटर लंबा होगा, जो पुरानी DPR से लगभग 850 मीटर लंबा होगा। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसकी स्वीकृति दे दी गई है।नई डीपीआर के मुताबिक, इसे अब कोकर के शांति नगर से बहू बाजार होते हुए योगदा सत्संग मठ तक बनाया जाएगा। इसमें अब 224.94 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पहले इसे कोकर स्थित शांति नगर से खादगढ़ा बस स्टैंड के थोड़ा आगे तक बनना था। नई डीपीआर में इसे 24 महीने के भीतर पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।

बताया गया कि परामर्शी एजेंसी NL मालविया प्रा.लि. ने नगर विकास आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे के समक्ष फिजिब्लिटी रिपोर्ट का प्रेजेंटेशन दिया।सचिव ने इस पर संतुष्टि जताई थी। साथ ही नई डीपीआर जल्द बनाने और निर्माण शुरू करने का निर्देश दिया था।

फ्लाई ओवर में क्या होगा खास

प्रेजेंटेशन में बताया गया है कि कांटा टोली फ्लाई ओवर फोरलेन का होगा, जिसमें रेलिंग व डिवाइडर को मिलाकर सड़क की चौड़ाई 16.6 मीटर होगी। कुल लंबाई 2224 मीटर होगी। सुगम यातायात के लिए कांटा टोली चौक के जंक्शन के विकास का भी प्रावधान किया है। वहीं, खादगढ़ा बस स्टैंड के पास फ्लाई ओवर से दोनों ओर सड़क नीचे उतरेगी, ताकि बस स्टैंड जाने वाले लोगों को सहूलियत हो सके।

पहली बार 2012 में बनी थी फ्लाई ओवर की DPR

2012- अर्जुन मुंडा सरकार के कार्यकाल में पहली DPR बनी। 2015- रघुवर दास सरकार के कार्यकाल में दूसरी बार बनाई गई। 2021- अब हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में तीसरी बार बनेगी।