Ranchi:डोरंडा पुलिस ने कुख्यात अपराधी गोजा को किया गिरफ्तार,हथियार और कारतूस हुए बरामद

राँची।करीब डेढ़ दर्जन मामलों में शामिल कुख्यात अपराधी वसीम उर्फ गोजा को डोरंडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार वसीम के पास से पुलिस ने पुलिस ने दो देसी पिस्टल, 8 कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया है। वसीम पर राजधानी राँची के विभिन्न थानों में 14 से अधिक मामले दर्ज है। इस सम्बंध मव शुक्रवार को प्रेस वार्ता में सिटी एसपी अंशुमान कुमार ने बताया कि वह लूट, हत्या के प्रयास,रंगदारी,आर्म्स एक्ट और चोरी सहित अन्य मामलों में शामिल था। डोरंडा थाना की पुलिस ने वसीम को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। लेकिन उसका एक साथी चिकू उर्फ देवा भागने में सफल रहा। वसीम गोजा मनीटोला नीम चौक डोरंडा का रहने वाला है। उसके विरुद्ध डोरंडा थाना में 11 मामले दर्ज है। इसमें चार मामले हत्या के प्रयास के है। इसके अलावा बरियातू, सदर और लोअर बाजार थाना में एक-एक प्राथमिकी उसके विरुद्ध दर्ज है। बताया कि वसीम गोजा अपने साथी चिकू के साथ डोरंडा में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने उसे मिली सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। 32 साल का वसीम गोजा वर्ष 2009 से ही अपराध कर रहा है। 2009 में उसके विरुद्ध डोरंडा थाना में सबसे पहले मारपीट, हत्या के प्रयास मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उसकी गिरफ्तारी में डोरंडा थाना प्रभारी रमेश कुमार सिंह, दारोगा उत्तम कुमार राय, दारोगा श्रीकांत कुमार, दारोगा सन्नी कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।