Ranchi: 48 घंटे बाद सकुशल मिले भाई-बहन,15 किलोमीटर पैदल चलकर चंगाई सभा पहुँच गए थे दोनों बच्चे…

 

राँची।राजधानी राँची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से लापता हुए दो मासूम बच्चों को राँची पुलिस ने 48 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चे तुपुदाना ओपी क्षेत्र के चांद गांव स्थित एक चर्च परिसर में थे। मामले को लेकर पुलिस ने कई थानों की संयुक्त टीम बनाकर लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच की, जिसके बाद बच्चों का पता चल सका।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 मई 2026 को करीब 12 बजे दिन में धूप में खेलने से मना करने पर नाराज होकर चिरंजीव कुमार महतो के पुत्र युवांश महतो (06 वर्ष) और पुत्री रौशनी कुमारी (10 वर्ष) घर से पैदल निकल गए थे। दोनों बच्चे पटेल नगर सेक्टर-01, थाना जगन्नाथपुर के निवासी हैं।बच्चों के घर नहीं लौटने पर पिता द्वारा जगन्नाथपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके आधार पर जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 118/26 दिनांक 26/05/2026 को धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के संयुक्त नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।नीरज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक हटिया एवं डीएसपी मुख्यालय-1 के नेतृत्व में जगन्नाथपुर, धुर्वा, अरगोड़ा, डोरंडा, तुपुदाना ओपी, पुंदाग ओपी, डेली मार्केट और लोअर बाजार थाना की पुलिस लगातार तलाश अभियान में जुटी रही।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में मंगलवार 27 मई 2026 को तुपुदाना के चांद गांव स्थित चर्च से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चांद गांव में नियमित रूप से चंगाई सभा आयोजित होती है, जहां बच्चों की मां रुपाली महतो अक्सर जाया करती थी और कई बार बच्चों को भी अपने साथ ले गई थी। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले किसी बात को लेकर बच्ची को डांट लगाई गई थी, जिसके बाद वह अपने छोटे भाई को लेकर घर छोड़कर चली गई और चांद गांव में रहने लगी।

इधर यह भी जानकारी सामने आई है कि बच्ची की सौतेली मां होने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं पुलिस ने जब चर्च के लोगो से पूछा कि जब बच्चे यहाँ थे और सोशल मीडिया से लेकर सभी अखबारों और टीवी में खबर चली फिर भी पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई।इस पर चर्च के लोग बोले खबर नहीं देख पाए।हलांकि पुलिस मामले की जाँच कर रही है।दोनों बच्चे घर से 15 किलोमीटर से ज्यादा दूर पैदल ही कैसे पहुँच गए।

इधर ,पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!