राँची पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 30 से अधिक अपराधी गिरफ्तार, 135 वारंटों का निष्पादन
राँची। राजधानी राँची में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए राँची पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों पर बड़ा शिकंजा कसा है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर नगर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पिछले दो दिनों तक विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” चलाया गया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 से ज्यादा शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि लंबे समय से लंबित 135 से अधिक वारंटों का निष्पादन (तामीला) किया गया।
देर रात तक चली छापेमारी, चकमा दे रहे अपराधी धरे गए
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, “ऑपरेशन प्रहार” के दूसरे चरण के तहत रांची पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। यह विशेष अभियान देर रात तक चलाया गया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया। इस छापेमारी में कई ऐसे आरोपी भी दबोचे गए हैं, जो लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे।
”ऑपरेशन प्रहार” राँची पुलिस की संगठित अपराध पर लगाम कसने, फरार वारंटियों की धर-पकड़ और अपराध नियंत्रण की एक विशेष रणनीति है। इसे एक निश्चित समयावधि के अंतराल पर अचानक एक्टिव किया जाता है, ताकि अपराधियों को संभलने का मौका न मिले।
इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (DSP), थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान जमीन पर उतरे। रांची पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके।

