पलामू: बुजुर्ग दम्पति के व्यवहार से परेशान था,18 साल के युवक ने दम्पति को मार डाला,पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया,आरोपी गिरफ्तार

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में राज्य सूचना आयोग के आप्त सचिव अरविंद कुमार के माता-पिता की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है।इस मामले में आरोपी शिवम पांडेय 18 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 4 मोबाइल और 40 हजार रुपए बरामद किए गए हैं।प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वह बुजुर्ग दंपति के व्यवहार से परेशान रहता था। वह इतना तंग आ गया था कि गुरुवार की सुबह उन्हें चाकूओं से गोद दिया। पूछताछ में पुलिस को उसने बताया कि वह पबजी गेम का भी आदी है।

दंपति को नहीं थी हमले की भनक

आरोपी ने बताया कि उसके दोनों दंपति के साथ संबंध अच्छे थे। सुबह जब वह उनकी हत्या करने गया तो बुजुर्ग राजेश्वर राम ने ही उसे बैठने के लिए कुर्सी दी थी। इतना ही नहीं उनकी पत्नी शर्मिला देवी उसके लिए चाय बनाने गईं थी। इसी दौरान मौका देखकर उसने राजेश्वर राम पर चाकू से वार किया। 4 वार के बाद वे ढेर हो गए। इसके बाद किचन में जाकर उसने उनकी पत्नी की भी हत्या कर दी।

40 हजार रुपए चोरी कर लिया

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उनके गोदरेज में रखे 40 हजार रुपए और जेवरात भी निकाल लिए। उसने बताया कि घटना के बाद उसने इसमें इस्तेमाल चाकू और अपने कपड़े अमानत नदी में फेक दिए हैं। हत्या में प्रयुक्त चाकू और आरोपी के कपड़े अभी तक बरामद नहीं किए जा सके हैं।

सफाईकर्मी ने देखी थी दम्पति की लाश

बुजुर्ग दंपती का घर शहर थानाक्षेत्र के कुंड मुहल्ला में डॉ. जीपी सिंह के नर्सिंग होम के पास है। घर की सफाई के लिए एक कर्मी आता है, जिसने गुरुवार को गेट खुला पाया और फर्श पर खून का छींटा देखा। अंदर जाकर देखा तो दंपति के शव पड़े थे। इसके बाद पुलिस और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी गई।