धोनी का फैन अजय गिल,1436 किलोमीटर पैदल चलकर हरियाणा से राँची पहुँच गया

राँची।भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक और दीवाना सामने आया है।ये हरियाणा के जलान खेड़ा का 18 साल का अजय गिल है।जो 16 दिन पैदल चलकर धोनी से मिलने राँची पहुंच गया। हाथों में तिरंगा और कंधे पर क्रिकेट किट लिए धोनी से मिलने 1436 किलोमीटर पैदल ही चलकर पहुंचे अजय गिल के पैरों में छाले पड़ गए हैं।

अजय के अनुसार धोनी उसके सपने में आएं और पैदल राँची आकर मिलने को कहें। बस क्या था वह राँची की यात्रा पर निकल गया। उसने बताया कि वह धोनी से मिलकर ही यहां से वापस जाएगा। जब वह इतनी दूर की यात्रा पैदल कर सकता है तो धोनी उससे मिलने के लिए 10 मिनट का समय नहीं निकाल सकते हैं। वह इसी जिद के साथ धोनी के सिमलिया स्थित फॉर्म हाउस के बाहर पहुंच चुका है।हालांकि धोनी राँची में नहीं हैं। वह आईपीएल में अपनी टीम का हिस्सा बनने के लिए चेन्नई गए हुए हैं।

यहां पहुंचने के बाद युवक ने माही से मिलने के लिए दस मिनट का समय मांगा, लेकिन उसे बताया गया कि माही अभी चेन्नई में हैं। इसके बाद भी युवक ने तय किया कि वह माही से मिलकर ही जाएगा। इसके बाद वह धौनी के घर के बाहर ही बैठ गया। युवक अपना नाम जिगरी माही क्रिकेटर बताता है। उसने कहा कि जब वह हजारों किलोमीटर पैदल चलकर माही से मिलने के लिए आ सकता है, तो माही मिलने के लिए दस मिनट का समय जरूर देंगे। माही से मिलने के लिए वह घर के बाहर भूखे-प्‍यासे बैठा रहेगा।

सिर पर माही के नाम का बनाया हेयर स्टाइल

माही के इस फैन ने अपने सिर का हेयर स्टाइल माही लुक पर बनाया है। उसने बालों को आकार देकर एक तरफ माही और दूसरी ओर धौनी लिखवाया है। उसने अपने टीशर्ट पर माही की तस्वीर और पीछे माही से मिलने आने का पूरा ब्यूरो लिखा है। हाथों में तिरंगा झंडा लिए माही से मिलने पहुुंचे इस युवक ने बताया कि उसे अपनी मां-पिताजी की बहुत याद आ रही है, लेकिन इसके बाद भी सबसे पहले माही से मिलना उसकी पहली प्राथमिकता है। उसने बताया कि गांव में भी लोगों ने कहा था कि वह गाड़ी से राँची तक का सफर तय करे, लेकिन उसने कहा कि वह माही का इकलौता अनोखा फैन बनना चाहता है, जो पैदल ही इस दूरी को तय करेगा। उसने अपने दोस्तों से जो वादा किया, वह आज पूरा भी कर दिया।

और लिख दी धौनी की पूरी जीवनी

इस युवक ने अपने साथ एक डायरी भी रखी है। इसमें उसने धौनी की पूरी जीवनी लिखी है। उसने धौनी के बचपन से लेकर क्रिकेटर बनने की पूरी कहानी लिखी है। साथ ही धौनी के परिवार के बारे में और उसके हर खेल का जिक्र किया है। उसके विश्व कप जीतने से लेकर टी-20 का चैंपियन बनने की कहानी है। वह बताता है कि वह ऐसा फैन है, जो पैदल चल कर यहां पहुंचा है। साथ ही उसने उन लोगों को अपने जीवन से ब्लॉक कर दिया है, जो धौनी के बारे में गलत बोलते हैं या जो उसके खेल की तारीफ नहीं करते।

अजय क्रिकेट खेलना चाहता है,नाई का काम करता है

अजय ने 12वीं पास कर ली है और फिलहाल अपने शहर में ही नाई का काम करता है। उसने बताया कि वह क्रिकेट खेलता है और इसी में अपना करियर बनाना चाहता है। जब से महेंद्र सिंह धोनी ने सन्यास लिया। वह खेलना बंद कर दिया था, लेकिन अब वह उनका आशीर्वाद से लेकर एक बार फिर से अपना क्रिकेट खेलना चाहता है।