Jharkhand:जंगल में पलटे ट्रेलर के नीचे 26 घंटे तक दबा रहा वृद्ध, हुई मौत,ड्राइवर और खलासी ने व्यक्ति की दबने की सूचना नहीं दिया था

चतरा।इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग में भुरकुंडा जंगल के पास अनियंत्रित होकर गुरुवार को पलटी ट्रेलर के नीचे से एक वृद्ध का शव शुक्रवार को पुलिस ने बरामद किया है। वृद्ध का शव 2 अप्रैल को दोपहर 3 बजे दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को किरान से उठाने के दौरान मिला। पुलिस ने शव की पहचान मयूरहंड थाना क्षेत्र के मंझगांवा गांव निवासी 64 वर्षीय वासुदेव प्रजापति के रूप में की है। शव बरामद कर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।

इससे पूर्व पुलिस शव की शिनाख्त मृतक के परिजनों से की। मिली जानकारी के अनुसार मृतक वासुदेव प्रजापति अपने पितीज गांव के एक रिश्तेदार के घर गए थे। वहां से वे गुरुवार को अपने घर जाने के लिए पितीज में उक्त ट्रेलर में बैठ गए। जो ट्रेलर रास्ते में भुरकुंडा जंगल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। जिस दुर्घटना में वासुदेव प्रजापति टेलर के नीचे दब गए। वहीं चालक गिद्धौर प्रखंड सूर्याटांड गांव के महेश कुमार यादव और डहूरा गांव के खलासी आशीष कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इन दोनों को तो राहगीर किसी तरह इटखोरी अस्पताल में भर्ती कराए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक महेश कुमार यादव को हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मगर अफसोस की बात यह है कि ये दोनों चालक और खलासी उक्त वृद्ध के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। जिसके कारण उक्त वृद्ध 26 घंटे तक दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के नीचे दबे रह गए। जहां वृद्ध की जान चली गई।