Ranchi:अवैध खनन,परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,15 गिरफ़्तार,कई वाहन/मशीन जब्त…

राँची।अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के रोकथाम को लेकर आज दिनांक 29 अप्रैल 2023 को रांची जिला अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर छापामारी अभियान चलाया गया। ओरमांझी, बुढ़मू, नगड़ी और बुण्डू क्षेत्र में की गयी कारवाई में अवैध खनन एवं भंडारण में शामिल 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा कई वाहनों को भी जब्त भी किया गया है।

अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर, रांची के नेतृत्व में जिला खनन पदाधिकारी, रांची, अंचल अधिकारी, ओरमांझी, खान निरीक्षक, ओरमांझी थाना पुलिस बल एवं जिला स्तर क्यूआरटी पुलिस बल के साथ संयुक्त रुप से ओरमांझी थाना अन्तर्गत अवैध खनन परिवहन एवं भण्डारण के रोकथाम हेतु छापामारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान अवैध खनन, भण्डारण में शामिल 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार कियाा गया। साथ ही अवैध परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों/मशीनों को जब्त भी किया गया। जब्त वाहनों को ओरमांझी थाना को सुपुर्द करते हुए प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

ओरमांझी अंचल अन्तर्गत पत्थर खनिज के संचालित अनुज्ञप्ति में कुल 11 (ग्यारह ) खनिज भण्डारण की मापी की गयी है तथा जाँच के दौरान पायी गयी अनियमितता के बाबत शोकॉज किया गया है।

सहायक खनन पदाधिकारी, रांची, अंचल अधिकारी, बुढ़मू, बुढ़मू थाना पुलिस बल एवं सशस्त्र पुलिस बल द्वारा संयुक्त रुप से बुढ़मू थाना अन्तर्गत अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के रोकथाम हेतु छापामारी अभियान चलाया गया। मौजा छापर अन्तर्गत 40000 घनफीट बालू स्टॉक पाया गया। जिसे जब्त कर बुढ़मू थाना को नीलामी की अग्रतर कार्रवाई हेतु सुरक्षार्थ सुर्पुद किया गया है। छापामारी के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा (1250 घनफीट स्टोन चिप्स लदा हुआ), 1 हाईवा (600 घनफीट बालू लदा हुआ) एवं 2 ट्रैक्टर (200 घनफीट बालू लदा हुआ) को जब्त कर बुढ़मू थाना को सुपुर्द करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अंचल अधिकारी, नगड़ी, पुलिस उपाधीक्षक (मु०), थाना प्रभारी, नगड़ी एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रुप से नगड़ी थाना अन्तर्गत अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के रोकथाम हेतु छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा (स्टोन चिप्स लदा हुआ), 1 टर्बाे (स्टोन चिप्स लदा हुआ), 1 हाईवा (बालू लदा हुआ) को जब्त कर नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अनुमण्डल पदाधिकारी, बुण्डू के नेतृत्व में अंचल अधिकारी, बुण्डू/सोनाहातु एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से बुण्डू एवं सोनाहातु थाना अन्तर्गत अवैध खनन परिवहन एवं भण्डारण के रोकथाम हेतु छापेमारी अभियान चलाया गया। छापामारी के दौरान बुण्डू थानान्तर्गत 2 ट्रैक्टर (ईंट एवं बालू लदा हुआ) को जब्त करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। सोनाहातु थानान्तर्गत मौजा- वनडीह में 30000 घनफीट अवैध बालू स्टॉक एवं मौजा- जाडियामोड़ में 15000 घनफीट अवैध बालू स्टॉक को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है।