झारखण्ड अगेंस्ट करप्शन के फर्जी लेटर पैड पर निर्वाचन आयोग को भेजा गया पत्र,दुर्गा उरांव ने बरियातू थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी….

 

राँची।झारखण्ड अगेंस्ट करप्शन के दुर्गा उरांव ने बरियातू थाने में संस्था के फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल करने के मामले में पंकज यादव उर्फ पंकज कुमार यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उनकी संस्था के फर्जी लेटर पैड पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखण्ड को एक पत्र भेजा गया। लेकिन उक्त पत्र पर अपूर्ण पता होने की वजह से वह वापस उनके घर के पते पर आ गया। जब उक्त पत्र को दुर्गा उरांव ने देखा तो उन्हें संदेह हुआ। क्योंकि उन्होंने कोई ऐसा पत्र अपने नाम से भेजा ही नहीं था। जब उसे खोला तो पाया कि पुलिस पदाधिकारियों के स्थानांतरण के संबंध में उसमें जानकारी दी गई है।

दुर्गा उरांव की ओर से दर्ज कराई गई

प्राथमिकी में बताया गया है कि उनके संस्था का तीन वर्ष पूर्व नया लेटर पैड तैयार किया गया था। जिसमें रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर कुछ और दर्ज है। यह भी बताया गया है कि संस्था में आठ वर्ष पहले पंकज यादव कार्यरत थे। लेकिन उनकी आपत्तिजनक क्रियाकलापों की वजह से उन्हें निकाल दिया गया था। उन्होंने बताया है कि उक्त फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल पंकज यादव ने ही किया है। क्योंकि उसी के पास संस्था का पूर्व के लेटर पैड है जो अबतक उसने संस्था को नहीं लौटाए है।पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।