खूंटी:डकैती करने आए डकैतों से भिड़े बाप-बेटा,अपराधियों की गोली से बेटा घायल,एक डकैत को धर दबोचा,सेंदरा होने से पुलिस ने बचाया…
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के अड़की की सीमा से सटे मुरहू थाना क्षेत्र के डेहकेला गांव में शनिवार की रात साढ़े आठ बजे डकैती करने पहुंचे डकैतों से गृहस्वामी केदार अहिर भिड़ गए, इस क्रम में उनके बेटे रुसू अहिर को गोली लगी, बावजूद इसके केदार अहिर ने एक डकैत खुदीराम ओड़ेया को धर दबोचा। बाद में गांव के लोग पहुंचे और डकैत भाग निकले। पकड़े गए डकैत की ग्रामीणों ने पिटाई की। ग्रामीण डकैत का सेंदरा करने के मुड में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण घटना टल गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ वरुण कुमार रजक, मुरहू के थाना प्रभारी नायाल गोडविन केरकेट्टा डेहकेला गांव पहुंचे।
रुसू अहिर और एक डकैत खुदीराम ओड़ेया खूंटी के सदर अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की पुष्टि एसडीपीओ वरुण रजक ने किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार केदार अहिर शनिवार को सरवादा बाजार से गुलगुला-पकौड़ी बेचकर अपने गांव डेहकेला पहुंचे। इसी बीच रात के लगभग साढ़े आठ बजे छह-सात बाइक पर सवार होकर कुछ डकैत पिस्तौल समेत अन्य हथियार लेकर पहुंच गए। डकैतों ने पिस्टल की नाल केदार अहिर की ओर किया और ट्रिगर दबाई, तीन बार ट्रिगर चलाने के बाद भी जब गोली नहीं चली, तब केदार अहिर ने अपनी पत्नी से डंडा लाने को कहा और डकैतों से भिड़ गए। इसी बीच केदार के बेटे ने जब एक डकैत को दबोचा, तो एक अन्य डकैत ने गोली चला दी, जो उसके जांघ के आसपास लगी।
गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर ग्रामीण केदार अहिर के घर के पास पहुंचे, तब डकैत भागने लगे। इसी क्रम में ग्रामीणों ने एक डकैत को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।इधर घटना के बाद रविवार के ग्रामीण गांव में बैठक कर रहे हैं और पुलिस अन्य डकैतों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।


