चाईबासा: पूर्व नक्सली की पीट पीटकर हत्या,घर से उठाकर के गया,सुबह मिली लाश…पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।जहां गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया गांव निवासी एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रमेश चांपिया के रूप में हुई है, जो पहले नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे 4-5 हथियारबंद लोग रमेश के घर पहुंचे। उन्होंने उसे बाहर बुलाया और अपने साथ ले गए।बताया जा रहा है कि रमेश की पत्नी भी कुछ दूरी तक उनके पीछे गई लेकिन हथियारबंद लोगों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया।
इसके बाद आरोपियों ने रमेश को घर से कुछ दूरी पर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने उसके साथ काफी क्रूरता बरती। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को गोइलकेरा-मनोहरपुर मुख्य सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव देखा, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, रमेश पहले नक्सली संगठन का सक्रिय सदस्य रह चुका था और इसी कारण वह पुलिस के रडार पर आया था, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद उसने संगठन से दूरी बना ली और सामान्य जीवन जीने लगा था। वर्तमान में वह सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में काम कर रहा था।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि संगठन से दूरी बनाने के कारण ही वह नक्सलियों के निशाने पर था।हालांकि, पुलिस अभी इस एंगल की पुष्टि नहीं कर रही है।एसपी अमित रेणु ने कहा कि हत्या की घटना की पुष्टि हुई है लेकिन यह नक्सली वारदात है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण किया है, सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

