हजारीबाग:आईजी ने सात जिलों के एसपी के साथ की उच्चस्तरीय बैठक, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर सख्ती के निर्देश

हजारीबाग।झारखण्ड के सात जिलों के एसपी के साथ उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा की उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई।बैठक में अपराध नियंत्रण से लेकर लंबित मामले, नशाखोरी के पदार्थ और सोशल मीडिया पर मॉनिटरिंग को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए हैं।उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा की उच्च स्तरीय बैठक हजारीबाग एसपी कार्यालय में संपन्न हुई।बैठक में सात जिलों के एसपी हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, चतरा और कोडरमा जिले के शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पिछले छह महीनों में हुई प्रमुख आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। महिला अपराध से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें 60 दिनों के भीतर निपटाने पर जोर दिया गया।नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द कार्रवाई करने, जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती को तेजी से निष्पादित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले में प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।

वहीं,स्कूल और कॉलेजों के आसपास संचालित दुकानों में ड्रग्स के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाने, नशा कारोबार से जुड़े गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। ऐसे गिरोहों पर सीसीए के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ाने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।इसके साथ ही संगठित अपराध, अवैध खनन और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सीसीए और एनएसए के तहत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।इसके अलावा साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, हजारीबाग एसपी अमन कुमार, धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा, गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार, रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष, अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एसडीपीओ, सदर अमित आनंद सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

इधर, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!