Jharkhand:जमशेदपुर के मानगो थाना पुलिस ने 22 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो युवक को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर।मानगो थाना की पुलिस ने 22 पुडिया ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से स्कूटी और दो मोबाइल भी बरामद की गई है। गिरफ्तार युवकों में आजादनगर ग्रीन वैली निवासी सैफ खान और आजादनगर के जाकिरनगर के मो. शकीर अकरम अंसारी शामिल है।

मानगो थाना के इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक काले रंग की स्कूटी में ब्राउन शुगर लेकर जा रहे हैं। मानगो के इकरा कालोनी के पास जब पुलिस पहुंची तो दोनों स्कूटी घूमाकर भागने लगे। दोनों को पीछा कर पकड़ा गया। सैफ खान के पास 12 और शरीफ अकरम के पास 10 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों को ब्राउन शुगर किसने बेचा था इसका पता पुलिस नहीं लगा पाई।

मुख्य सरगना पकड़े नहीं जा रहे:
11 फरवरी को सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने छायानगर में छापेमारी कर 27 पुडिया ब्राउन शुगर के साथ बागान एरिया निवासी राकेश कोहली, सोनू सचदेव, इंद्रानगर के सूरज कैवर्तो, मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड के शादाब शमीम और आशीष मंडल को गिरफ्तार किया था। ब्राउन शुगर बेचने वाली महिला भारती अपने साथी अजय यादव के साथ फरार होने मेंं सफल रही थी। जमशेदपुर के मानगो, सीतारामडेरा, जुगसलाई और सिदगोड़ा में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का धंधा संचालित हो रहा है। आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती की मिला डॉली परवीन के पकड़े जाने के बाद ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का धंधा जमशेदपुर में हो रहा है।