Jharkhand:कुत्ता भौंकने से नाराज नाबालिग लड़के ने कुत्ते के मालिक को चाकू मारकर की हत्या.

जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर में ऐसा मामला जो हजम नहीं हो रहा है और आप सोच में पड़ जाइएगा ! घटना टेल्को थाना क्षेत्र के टाटा कमिंस कचरा यार्ड में कुत्ता भौंकने से नाराज 14 साल के किशोर ने चाकू मारकर सोमामुंडा पूर्ति (45) की हत्या कर दी। बीच बचाव में उसकी पत्नी चांदनी सिरका को भी सिर पर पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद किशोर अपने घर चला गया। घटना शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे की है। रात पौने नौ बजे तक दोनों लहुलुहान अवस्था में पड़े रहे। कचरा चुनकर घर लौटते वक्त कुछ लोगों ने दोनों को जमीन पर देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं घायल महिला काे इलाज के लिए ले जाया गया। घटना को अंजाम देने वाले किशोर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चाकू की तलाश में किशोर के घर की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। घायल महिला ने किशोर पर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि किशोर ने पुलिस को पूछताछ में खुद को निर्दोष बताया है। घटना जिस कचरा यार्ड में हुई, वहां पर पांच परिवार रहते हैं। आने जाने का रास्ता एक है। सभी लोग कचरा चुनने जाते हैं और रात में घर वापस लौटते हैं।पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।

घटना की कहानी, पीड़िता की जुबानी

मैंने घर पर पालतू कुत्ता पाला है। कुत्ता घर से बाहर रहता है। आरोपी बच्चे को देख कुत्ता भौंकता था। दो दिनों से आरोपी कुत्ते को मारने की धमकी दे रहा था। शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे आरोपी घर जा रहा था, उसको देखकर कुत्ता भौंकने लगा। तभी आरोपी बच्चे ने कुत्ते की गर्दन दबा दी। मैंने बच्चे को मारने के लिए पत्थर उठाया तो वो और उग्र हो गया उसने की गर्दन छोड़ पत्थर से मेरे सिर पर हमला किया। शोरगुल होने पर मेरे पति सोमामुंडा पूर्ति बाहर निकले। बीच बचाव में उनको भी पीटा और घर के अंदर पड़े चाकू से पेट में हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर की तरफ चला गया। घायल होने की वजह से वह उठकर कहीं जा नहीं सकी। कपड़े से सिर को किसी तरह बांधा। फिर रात में लोग काम से लौटे तो उनको घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस आई और आरोपी को पकड़कर ले गई। आरोपी नशा करता है।

कमिंस यार्ड में रहने वाले व्यक्ति की हत्या की गई है। उसकी पत्नी पर भी जानलेवा हमला हुआ है। घायल महिला के बयान पर उसको इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी को पकड़कर पूछताछ कर रही है। सभी बिंदू पर जांच की जा रही है।-अजय कुमार, थाना प्रभारी टेल्को थाना