कोर्ट कैंपस में पुलिसकर्मियों के सामने कुख्यात अपराधी की गोली मारकर हत्या,गोली चलाने वाले दोनों अपराधी गिरफ्तार,एक अपराधी भी घायल…

पटना।बिहार के पटना के दानापुर कोर्ट कैंपस में दो बदमाशों ने पेशी पर आए कुख्यात अपराधी अभिषेक उर्फ छोटे सरकार की गोली मारकर हत्या कर दी।कोर्ट परिसर में गोली बारी से हड़कम्प मच गया। जिस समय हत्या हुई, उस समय पांच पुलिसकर्मी साथ में थे। फिर भी दो बदमाशों ने 6 राउंड गोली चलाई। गोली चलने से कोर्ट कैंपस में दहशत फैल गई।वहीं बदमाश मौका देखकर भागने लगे, लेकिन वकीलों की मदद से पुलिस ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। अपराधियों के पास से दो पिस्टल बरामद की गई है। एक बदमाश के पैर में फायरिंग के दौरान गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक कैदी का नाम अभिषेक उर्फ छोटे सरकार था। वह बिहटा का रहने वाला था। उसे सुपारी किलर भी कहा जाता था। छोटे सरकार का पटना के पश्चिमी इलाके नौबतपुर, बिहटा, रानी तालाब थाना क्षेत्रों में आतंक था। वह कई हाईप्रोफाइल मर्डर के मामलों का आरोपी था। छोटे सरकार पर कुल 16 केस दर्ज थे। इसमें अकेले बिहटा थाना में 7 केस थे।

बताया जाता है कि उसे शुक्रवार को बेऊर जेल से पुलिसकर्मी पेशी के लिए कोर्ट लेकर आए थे। इसी दौरान घात लगाकर बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।सिपाही भूरन झा ने बताया कि हम लोग पेशी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान एक बदमाश ने आगे से फायरिंग कर दी। हम सभी पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए भागे। इसी दौरान पीछे से दूसरे बदमाश ने गोली मार दी। हम लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। दिमाग काम करना बंद कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस जब आरोपी को कोर्ट कैंपस में लेकर आई तो कोई हथकड़ी नहीं लगी थी। जब बदमाशों ने उसे गोली मार दी तो पुलिस के जवान आनन-फानन में हथकड़ी लगा दी।घटना के संबंध में सिटी एसपी पश्चिमी राजेश कुमार ने बताया की अभिषेक उर्फ छोटे सरकार पर बिहटा थाने में कई मुकदमे चल रहे थे। पेशी के दौरान दो अपराधियों ने गोली मार दी। दोनों हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया है। हमलावरों के पास से दो पिस्टल मिली है। एक हमलावर मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में ये जानने की कोशिश की जाएगी कि उसे किसने भेजा था। साथ ही हत्या के कारणों का भी पता लगाया जाएगा।

घटना के बाद एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा है कि एक अपराधी ने पहले गोलियां चलाईं, लेकिन उसे जवान ने पकड़ लिया। इसके बाद दूसरे अपराधी ने गोली चलाकर कैदी की हत्या कर दी। उसे भी पुलिस ने लोगों की मदद से पकड़ लिया। दोनों के पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।एसएसपी ने कहा कि एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। उसका इलाज कराया जा रहा है। मृतक कैदी पर कई संगीन केस दर्ज थे। फिलहाल हम जांच कर रहे हैं। इस वारदात को अंजाम देने में इन दोनों के अलावा भी कई लोग रहे होंगे। हम इसकी जांच कर रहे हैं। हत्या के पीछे के मकसद के बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते हैं।

इधर गोली लगने के बाद छोटे सरकार को पुलिस आनन-फानन में पारस अस्पताल लेकर आई थी। हालांकि, इससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के परिजन अस्पताल के बाहर हंगामा करने लगे। परिजन यहां से बिना पोस्टमॉर्टम के ले जाना चाहते थे। अस्पताल के बाहर भी भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद हैं।