गिरिडीह: कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या करने वाला कलयुगी पति गिरफ्तार

गिरिडीह। पत्नी की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या करने का आरोपी पति को शनिवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या के बाद से फरार था। वहीं, मृतका के भाई ने आरोपी को पकड़ा। इसकी सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने 16 जनवरी की रात अपनी पत्नी की हत्या की थी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जीतपुर पंचायत अंतर्गत दुर्गापहरी टोला अम्बाटांड़ में हुई थी। पुलिस आरोपी से हत्या की वजह को लेकर पूछताछ कर रही है।आरोपी महालाल मरांडी पर अपनी 32 वर्षीय पत्नी बड़की रानी की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के पांच बेटे हैं। एक बाहर में काम करता है। वहीं चार बेटे छोटे हैं। मृतका का मायका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलगुन्दा पंचायत के अलगुन्दा गांव में है।

घटना के सबंध में मृतका के मंझले बेटे 14 साल के बिरेन्द्र मरांडी ने बताया कि रात में सभी खाना खाकर दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह उठने पर खिड़की से देखा कि मां बड़की रानी नीचे जमीन पर गिरी हुई है। मां के सिर से खून निकल रहा था और पिताजी घर पर नहीं थे। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। हमलोग अपनी मां को देखकर चिल्लाने लगे तो बगल के कमरे में सो रही दादी उठकर आई और घर का दरवाजा खोला।