Jharkhand:दो नाबालिग सहेलियों ने आपस में शादी कर ली,एक 14 साल,दूसरी 13 साल की है..

धनबाद।जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के सुगियाडीह की दो नाबालिग सहेलियों ने आपस में ही शादी कर ली है। इनमें एक की उम्र 14 तो दूसरी की महज 13 वर्ष है। 13 वर्ष की लड़की के घरवालों ने रविवार को जब उसे दुल्हन के रूप में देखा तो चौंक गए। लड़की ने गले में मंगलसूत्र पहन रखा था और मांग में सिंदूर भी लगा रखी थी। पूछताछ करने पर उसने पास की ही अपनी 14 वर्षीय सहेली से शादी करने की बात बताई। इसके बाद दोनों को लेकर रविवार दिन में करीब 11 बजे परिजन सरायढेला थाना पहुंचे। वहां भी दोनों सहेलियों ने एक दूसरे से शादी कर लेने का दावा पुलिस के पास किया। पुलिस यह स्थिति देख चौंक गई।

लड़का बनी 14 वर्षीय लड़की बकायदा लड़के के ही अंदाज में थी। उसने न सिर्फ लड़के जैसे बाल कटवा रखे थे, बल्कि वस्त्र भी लड़के वाले ही पहन रखे थे। वहीं दूसरी दुल्हन की तरह मंगल सूत्र और सिंदूर में थी। थाने में पुलिस ने दोनों नाबालिगों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन दोनों अलग होने को तैयार नहीं थे। वे साथ जीने-मरने की कसम खाने लगे। पुलिस की कोई भी बात वे सुनने को तैयार नहीं थे। मामला नहीं सुलझने पर सरायढेला थाना की पुलिस ने दोनों सहेलियों और उनके परिजनों को महिला थाना भेज दिया। महिला थाना में भी पुलिस ने दोनों को काफी समझाया पर वे नहीं माने। दोनों का कहना था कि वे बचपन से एक दूसरे से प्यार करती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने घर से भागकर एक मंदिर में शादी रचा ली थी और पास के ही एक झोपड़ी में कुछ देर रही थी। दोनों ने अपने एक मित्र से भी मदद मांगी, लेकिन उसने अजीब मामला बता कर साथ नहीं दिया।

पुलिस ने निकाला यह रास्ता

थाने में लड़का बनी सहेली हर सवाल का जवाब दे रही थीं। वह बोल रही थी कि अपनी पत्‍‌नी को घर ले आएगी और दोनों साथ रहेंगे। दोनों के अड़ जाने के बाद पुलिस ने रास्ता निकाला। यह समझाया कि दोनों अभी नाबालिग हैं। कानूनन साथ नहीं रह सकते हैं। बालिग होने पर दोनों को साथ रहने की इजाजत मिल जाएगी। इस पर दोनों राजी हो गई। साथ ही लड़का का रूप धारण की गई लड़की ने कहा- इस बीच अगर घरवालों ने कोई ज्यादती की तो वह उसी समय अपनी पत्‍‌नी को साथ ले आएगी। काफी मशक्कत के बाद महिला थाना की पुलिस ने दोनों सहेलियों को उनके परिजनों के हवाले करते हुए घर भेज दिया है। लड़कियों के परिजन घटना से हतप्रभ हैं और किसी कीमत पर इस रिश्ते को मानने को तैयार नहीं।

दो नाबालिग लड़कियों के आपस में शादी करने का मामला आया था। दोनों को समझा बुझाकर घर भेज दिया गया है।

-विशाखा पांडेय, प्रभारी, धनबाद महिला थाना।