#महाएग्जिट पोल: झारखण्ड में भाजपा सरकार की वापसी के आसार!

राँची। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण का मतदान संपन्न हो गया है। इसके बाद एग्जिट पोल के अनुमान आने शुरू हो गए हैं। एग्जिट पोल से पता लगेगा कि बीजेपी, आजसू, जेवीएम और कांग्रेस+ जेएमएम+ आरजेडी गठबंधन को कितनी सीटें मिलने का अनुमान है और राज्य में किस पार्टी की सरकार बन सकती है।

झारखण्ड न्यूज़ के एग्जिट पोल के परिणाम:-

बीजेपी को 45-50 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस गठबंधन को 20-25 सीटें मिलने का अनुमान है। झारखंड विकास मोर्चा को एग्जिट पोल में 4 से 6 सीटें दी गई हैं। इसके अलावा आजसू को 3 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है। पोल के अनुसार, अन्य की झोली में 9 सीटें जा सकती हैं।

2014 विधानसभा चुनाव के नतीजे

झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 37 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। आजसू 5 सीटें जीती थी। वहीं, जेएमएम 19 सीटें, कांग्रेस 7 सीटें और जेवीएम 8 सीटें जीती थी। हालांकि चुनाव के बाद जेवीएम के 6 विधायकों ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके अलावा 6 सीटें अन्य को मिली थी।

एग्जिट पोल क्या है

एग्जिट पोल मतदाताओं की तरफ से किए गए वोट के बाद की प्रतिक्रिया पर आधारित होता है। मतदान के सर्वेक्षण में ऐसा माना जाता है कि मतदाताओं ने बिल्कुल सही अपनी पसंद बताई है और वोटों की मतगणना से काफी पहले ही परिणाम की भविष्यवाणी कर दी जाती है। एग्जिट पोल के अनुमान गलत भी साबित हो सकते हैं।

मतगणना 23 दिसंबर को

झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना 23 दिसंबर को होगी। इस बार झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी का चुनाव पूर्व गठबंधन है। जहां बीजेपी की तरफ से रघुवर दास सीएम पद के उम्मीदवार हैं वहीं जेएमएम नेता हेमंत सोरेन कांग्रेस, जेएमएम (झामुमो) और आरजेडी गठबंधन की तरफ से सीएम उम्मीदवार हैं।