पलामू जैप-8 में ट्रेनिंग के दौरान झारखण्ड जगुवार के जवान ने किया आत्महत्या,डीएसपी पर प्रताड़ित करने का आरोप

पलामू।झारखण्ड में ट्रेनिंग के दौरान झारखण्ड जगुवार के जवान ने आत्महत्या कर लिया। जवान अनीश वर्मा पलामू के लेस्लीगंज स्थित जैप-8 के मुख्यालय में स्पेशल ट्रेनिंग कोर्स कर रहा था।अनीश वर्मा पिछले कुछ दिनों से जैप 8 के मुख्यालय में ही ट्रेनिंग ले रहा था।बुधवार को उसके साथ जवान जब अनीश वर्मा को ट्रेनिंग के लिए उठाने गए तो जवान फंदे से लटकता मिला। साथी जवान अनीश वर्मा को फंदे से उतारकर एमएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलने के बाद जैप 8 के वरीय पुलिस पदाधिकारी और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। पूरे मामले में छानबीन की जा रही है।वहीं साथी जवान की मौत पर अन्य जवानों ने हंगामा शुरू कर दिया है।

जवानों ने जैप 8 के डीएसपी पर गंभीर आरोप लगाया है

जवानों ने जैप 8 के डीएसपी पर गंभीर आरोप लगाया है।घटना के बाद जवानों में आक्रोश है।जैप-8 के मुख्यालय में करीब 400 जवान ट्रेनिंग ले रहे हैं।सभी जवानों को 27 जनवरी से ट्रेनिंग दी जा रही है।अनीश वर्मा मूल रूप से जमशेदपुर के बागबेड़ा के बीडी रोड के रहने वाले हैं वे 2015 से जगुआर में तैनात हुए थे. जगुआर में तैनात होने के बाद अनीश वर्मा बूढ़ापहाड़, सारंडा समेत कई बड़े नक्सल अभियान में शामिल रहे।घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।परिजन जमशेदपुर से पलामू के लिए रवाना हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक जवानों ने जैप मुख्यालय में तैनात एक डीएसपी पर जवान को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।जवानों ने बताया कि डीएसपी ने कुछ दिनों पहले जवान को काफी प्रताड़ित की थी,जिस कारण जवान तनाव में था।