जमशेदपुर:हाईवा ने ऑटो और कार में मारी टक्कर,तीन लोगों की मौत,आधा दर्जन से ज्यादा घायल

जमशेदपुर।झारखण्ड में पूर्वी सिंहभूम जिले के सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर गोपीडीह और मेटाल्सा कंपनी के बीच रविवार शाम तेज रफ्तार हाईवा ने एक ऑटो और कार को टक्कर मार दी,जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे हैं। वहीं घायल नौ लोगों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी सरायकेला से जमशेदपुर के मानगो जवाहरनगर लौट रहे थे।घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर है। सभी एक ही परिवार के हैं। सभी सरायकेला रिश्तेदार के घर छुट्टी में गए थे, वहां से टेम्पो से मानगो लौट रहे थे। एमजीएम अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही अफरातफरी मच गई। यहां एक होमगार्ड की सिपाही काफी देर तक दो बच्चों को संभालती रही। दोनों के माता-पिता इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गोपीडीह के समीप हाईवा ने एक ऑटो सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब नौ लोग घायल हो गए। हाईवा चालक गाड़ी छोड़ फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजवाया। फिलहाल किसी की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, ऑटो सरायकेला से मानगो जा रहा था, जबकि हाईवा सरायकेला और कार कांड्रा की ओर जा रही थी। लोगों ने बताया कि ऑटो में सात-आठ लोग सवार थे, जबकि कार में दो से तीन लोग। हाईवा ने पहले ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो चालक सड़क पर छिटक गया। उसकी मौत हो गई। इसके बाद हाईवा चालक ने भागने के चक्कर में कार को भी टक्कर मार दी। हाईवा लेकर भागने की स्थिति नहीं बन पाने पर चालक उतरकर भाग निकला।