तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने बाइक सवार रेलकर्मी को कुचला, मौके पर मौत

 

बोकारो। जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय रेलकर्मी अरविंद वर्मा की मौत हो गई। हादसा एनएच-23 पर बालीडीह से जैनामोड़ जाने वाली सड़क पर गोस्वामी टोला के समीप हुआ। अरविंद वर्मा रेलवे के IRCTC बेस किचन में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक, अरविंद वर्मा बाइक से बालीडीह के गायत्री नगर स्थित अपने ठिकाने से बालीडीह मोड़ स्थित बेस किचन में ड्यूटी के लिए लौट रहे थे। गोस्वामी टोला के पास वह सड़क पार करने की स्थिति में थे, तभी बोकारो की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन अरविंद को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो पिकअप को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है।बालीडीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो पिकअप की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है और चालक की जल्द गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।हादसे की खबर से रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!