तेज रफ्तार में कार पुलिया के नीचे गिरी,चालक की मौत

जमशेदपुर।टाटा-राँची राष्ट्रीय राजकीय मार्ग संख्या 33 पर चांडिल थाना क्षेत्र भुइयांडीह के चिलगू के पास तेज रफ्तार कार पुलिया से टकराने के बाद पानी में गिर गई जिससे कार चालक की मौत हो गई। वहीं उसका एक अन्य साथी घायल हो गया। मृतक युवक की पहचान अरमान के रूप में की गई जो जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र का रहने वाला था। वह भाड़े पर वाहन चलवाता था।

बताया गया कि एक दिन पहले उसकी गाड़ी टाटा-राँची मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसे लाने के लिए चांडिल गया था। कार उसने अपने चालक को दी और दूसरी कार को खुद चलाते हुए साथी के साथ वापस जमशेदपुर लौटने लगा। चिलगू में कार का ब्रेक फेल हो गया जिससे कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शेखर गांगुली ने बताया उन्होंने पानी में उतर कर चालक को लोगों की मदद से बाहर निकाला। चांडिल थाना की पुलिस के सहयोग से घायल को एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया जहां उसकी मौत हो गई। बताया कार अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से टकरा गई इसके बाद कार पुल से नीचे पानी में जा गिरी। पानी में डूबने के कारण चालक की मौत हो गई।