मौसम की बेवफाई से झारखण्ड के कई जिलों का जनजीवन प्रभावित, भारी बारिश के कारण टंडवा का पहले से जर्जर गेरुवा पुल धंसा

राँची। राजधानी राँची समेत राज्य के कई क्षेत्रों में शनिवार को एक बार फिर मौसम परिवर्तन ने लोगों को परेशान कर दिया। शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गयी। आसमान में इस कदर बादल छा गए, मानो सुबह में ही रात हो गयी हो। बारिश और तेज हवा से ठंड में बढ़ गई है। कुछ ही देर की बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की भी समस्या उत्पन्न हो गई। इधर, मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

राँची,रामगढ़, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और बोकारो में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कई क्षेत्र में तेज हवा भी चल रही है। राँची में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम खराब रहा। ठंडी हवा के चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद दोपहर तक मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शहर में कुल .3 एमएम बारिश हुई।

मौसम विभाग द्वारा येलो अलर्ट जारी

बेमौसम बर्षा से गेंहू, सरसों सहित सब्जी व अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ज्ञात हो कि पूरे जिले में जनवरी से हर सप्ताह बारिश हो रही है। मार्च में तो लगता है कि इंद्र भगवान को प्रकोप कुछ अधिक ही बढ़ गया है। होली के दो दिन पहले से ही आसमान में बादल छाये हुए हैं। कभी-कभार ही भगवान सूर्य के दर्शन हो रहे हैं। मौसम विज्ञानियों ने 16 मार्च तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की बात कही है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

टंडवा का गेरुवा पुल धँसा, बाल बाल बचा बाइक सवार

टंडवा के गेरुआ में पुल धंसने वजह से शनिवार को एक हादसा होने से रह गया। बाइक सवार पुल पार कर रहा था तभी अचानक से पुल धंस गया। इससे सवार पुल के दूसरी ओर जा गिरा जबकि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त पुल में फंस गई। घटना के बाद पुल पर आवाजाही रोक दी गई है। लगातार बारिश की वजह से गेरुआ नदी में बाढ़ आ गई है। जानकारी के मुताबिक, पुल पहले से जर्जर हो चुका था। 200 फीट लंबे और 50 फीट ऊंचे पुल के क्षतिग्रस्त होने से हजारीबाग, सिमरिया समेत चतरा से टंडवा का संपर्क टूट गया है। पुल को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।