शादी समारोह से लौट रहे टीटीपीएस के इंजीनियर की सड़क दुर्घटना में मौत, तीन गम्भीर रूप से घायल

बोकारो/बेरमो: बेरमो अनुमंडल के ललपनिया नया मोड़ मेन रोड पर खखंडा के पास दर्दनाक सड़क हादसा में टीटीपीएस के इंजीनियर की मौत हो गयी। 26 वर्षीय इंजीनियर सुनील कुमार मुर्मू ललपनिया पावर प्लांट में कार्यरत थे। भयंकर सड़क दुर्घटना के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। इस सड़क दुर्घटना में अन्य तीन लोग गंभीर रुप से घायल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक इलाज ललपनिया हॉस्पिटल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया है। घटना अहले सुबह तीन बजे की है।

दोस्त की शादी समारोह से लौट रहे थे सभी

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ललपनिया निवासी भाजपा बोकारो जिला एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष धनीराम मांझी के पुत्र और टीटीपीएस ललपनिया के इंजीनियर 26 वर्षीय सुनील कुमार मुर्मू अपने तीन दोस्तों कमलेश प्रजापति, सुभाष महतो तथा छोटेलाल के साथ अपने एक दोस्त के विवाह समारोह में शामिल होने बलसगरा गये थे। वापसी के क्रम में ललपनिया नया मोड़ मेन रोड पर खंखडा के पास स्कॉर्पियो असंतुलित होकर सड़क किनारे मकान की दीवार से जोर से टक्करायी और पलट गयी। घटना में इंजीनियर सुनील कुमार मुर्मू की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे में तीन घायल हो गए।

मृतक इंजीनियर के भाई ने सभी को पहुँचाया अस्पताल

शादी समारोह से लौटने के क्रम में सुनील मुर्मू के नरेंद्र मुर्मू अपनी कार से सुनील के पीछे पीछे आ रहे थे। सुनील के कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पीछे से अपनी कार से आ रहे सुनील कुमार मुर्मू के भाई नरेंद्र कुमार मुर्मू ने सभी को हॉस्पिटल पहुंचाया। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने इंजीनियर सुनील कुमार मुर्मू को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर टीटीपीएस के जीएम सह मुख्य अभियंता घनश्याम कुमार, मृतक के पिता धनीराम मांझी सहित काफी संख्या में लोग हॉस्पिटल पहुंचे।

.