Ranchi:अनुष्का के तीनों बच्चों का हुआ नामकरण,केक काटकर तीनों का नाम कृष्णा,कावेरी और ताप्ती रखा गया

राँची।जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित चकला के बिरसा जैविक उद्यान में अनुष्का के बच्चे का नामकरण किया गया।उद्यान में सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन कर उद्यान की मादा बाघिन अनुष्का व मल्लिक नर बाघ से जन्म लिए तीनों शावकों का नामकरण किया गया।बता दें बिरसा जैविक उद्यान की बाघिन अनुष्का ने तीनों शावकों को 17 अप्रैल 2020 को जन्म दिया था।पीसीसीएफ पीके वर्मा द्वारा केक काटकर तीनों शावकों का कृष्णा, कावेरी व ताप्ती नामकरण किया गया।

इधर बिरसा जैविक उद्यान के निदेशक यतींद्र कुमार दास ने बताया कि अनुष्का बाघिन का जन्म 24.09.2011 को और मल्लिक बाघ का जन्म 21.05.2013 को हुआ था।दोनों नर-मादा बाघ बाघिन को नेहरू जूलोजिकल पार्क हैदराबाद से 01 मार्च 2016 को भगवान बिरसा जैविक उद्यान में लाया गया था। अनुष्का बाघिन ढाई वर्ष पहले भी तीन शावक लक्ष्मी, सरस्वती व गौरी को जन्म दे चुकी है।वर्तमान में उद्यान में नौ बाघ, चार शेर, आठ तेंदुआ हैं।वर्तमान में 729 पक्षी, 654 वन्य प्राणी, 115 रेपटाइल्स हैं।कुल वन्य प्राणियों की संख्या 1498 है।

वहीं बिरसा जैविक उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ ओमप्रकाश साहु ने बताया कि जल्द ही जिराफ, जेबरा, राइनो व किंग कोबरा जैविक उद्यान में लाया जायेगा।इसके लिए देश के विभिन्न जू से संपर्क किया जा रहा है।इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन्य प्राणी झारखंड राजीव रंजन, वन क्षेत्र पदाधिकारी रामचंद्र पासवान, रामलखन पासवान, रमेश महतो, राकेश अवस्थी, बृजेन्द्र सिंह इत्यादि उपस्थित थे।