राँची में पुलिस से पहले ग्रामीणों ने पकड़ा शराब तस्कर, खंभे से बांधकर की पिटाई;15 पेटी शराब और दो वाहन जब्त
राँची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रातू थाना क्षेत्र के काटू गांव में रविवार को शराब की खेप लेकर पहुंचे तीन तस्करों को ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान दो आरोपी फरार हो गए, जबकि एक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई की और बाद में रातू पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहर से अवैध शराब लाकर गांव में सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद ग्रामीण सतर्क हो गए और तस्करों के पहुंचते ही उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों की सक्रियता के कारण एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि दो अन्य भाग निकले। पकड़े गए आरोपी की पहचान राँची के मोरहाबादी निवासी शंकर ठाकुर के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने अवैध शराब की 15 पेटियां और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को जब्त किया है। बताया गया कि फरार आरोपी भी अपने वाहन छोड़कर भाग गए, जिनमें शराब रखी हुई थी।रातू थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर आदिकांत महतो ने बताया कि ग्रामीणों ने शराब तस्करों के गांव में पहुंचने की सूचना पुलिस को दी थी और उन्हें पकड़ने का प्रयास भी किया। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और किन-किन ग्रामीण इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

