टेबो में सड़क निर्माण में लगी जेसीबी को किया आग के हवाले, एक महीने से बंद था काम,जांच में जुटी है पुलिस…

 

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने सड़क किनारे खड़ी जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया। शनिवार रात करीब 10 बजे हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आगजनी के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या वजह है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, टेबो से हलमद तक करीब 15 से 20 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार खूंटी साहू गुरुवार को जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे थे। करीब एक महीने से निर्माण कार्य बंद रहने के कारण मशीन को सड़क किनारे सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया गया था। इसी दौरान शनिवार रात अचानक जेसीबी में आग लग गई।

आग की लपटें देख सहमे ग्रामीण
रात करीब 10 बजे ग्रामीणों की नजर जेसीबी से उठती आग की लपटों पर पड़ी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग सहम गए। इलाके में भय का माहौल बन गया और ग्रामीण डर के कारण अपने-अपने घरों में चले गए। आशंका जताई जा रही है कि मशीन में जानबूझकर आग लगाई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

थाने से महज एक किलोमीटर दूर वारदात
घटनास्थल टेबो थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अज्ञात लोगों ने सड़क किनारे खड़ी मशीन को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, आगजनी के पीछे किसी संगठन, असामाजिक तत्व या अन्य लोगों का हाथ होने की बात अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर टेबो थाना में तैनात प्रशिक्षु बिरजू कुमार मेहता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जेसीबी में आग कैसे लगी, क्या यह सुनियोजित आगजनी थी और इसके पीछे किसका हाथ है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।

error: Content is protected !!