धनबाद:युवक की गला रेतकर हत्या के बाद भारी बवाल,आक्रोशित लोगों ने वाहनों पर फेंके ईंट-पत्थर, राहगीरों को भी पीटा….पुलिस ने देर रात शव कब्जे में लिया…

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के भालगढ़ तारा बगान में शनिवार की शाम एक युवक का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।युवक की हत्या चाकू से गला रेतकर की गई है।मृतक युवक की पहचान शमशेर नगर निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर परिजन और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद शव उठाने के लिए पुलिस एंबुलेंस लेकर पहुंची। लेकिन एंबुलेंस को देख परिजन और अन्य लोग आक्रोशित हो गये। परिजन पहले तो हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जिसको लेकर पुलिस और उनके बीच जमकर विवाद हुआ।

आक्रोशित लोगों ने भालगढ़ झरिया धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।लेकिन पुलिस ने सभी को वहां से हटा दिया।वहां से हटाए जाने के बाद लोगों ने शमशेर नगर में यातायात बाधित कर दिया।जहां पुलिसकर्मियों और मृतक के पिता मोहम्मद रहमत के बीच नोकझोंक हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चल रहे वाहनों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।लोगों ने राहगीरों को भी पीटा।कई घंटों तक स्थिति विस्फोटक बनी रही।

शव शनिवार की शाम चार बजे बरामद किया गया। तब से देर रात करीब 11:00 बजे तक पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास करती रही।पुलिस ने देर रात तक लोगों को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की माँ कौशल परवीन का कहना है कि शनिवार की दोपहर उनका बेटा एक बजे अपने दोस्तों के साथ बाइक से निकला था। माँ ने उसके दोस्तों के नाम भी बताये हैं।माँ ने उसके तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।मृतक युवक की माँ का कहना है कि उनका बेटा चूड़ी कारीगर था। वह डेढ़ माह पहले ही जयपुर से अपने घर आया था।वह जयपुर में रहकर नौकरी करता था।

सिंदरी एसडीपीओ भूपेन्द्र रावत ने बताया कि युवक की गला रेत कर हत्या की गयी है।पुलिस संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।लोगों द्वारा उन्हें शव उठाने से रोका गया जिसके कारण पुलिस को लोगों को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने कहा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!