टाटानगर स्टेशन पर BSF जवान के साथ RPF जवान ने की मारपीट,पत्नी बच्चों सहित जवान को कई घंटे रखा हिरासत में…
जमशेदपुर।झारखण्ड के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बीएसएफ जवान से मारपीट औऱ कई घन्टे तक हिरासत में रखने का मामला सामने आया है।स्टेशन पर बीएसएफ के एक जवान से आरपीएफ के जवान भिड़ गए। आरोप है कि आरपीएफ के जवानों ने न सिर्फ बीएसएफ जवानों की पिटाई की बल्कि पत्नी और बच्चे के साथ आठ घंटे हाजत में भी रखा।घटना टाटानगर रेलवे स्टेशन की बुधवार सुबह की है। बीएसएफ जवान आलोक रंजन का कहना है कि वे अपने परिवार के साथ कटिहार एक्सप्रेस से बेगूसराय से टाटानगर पहुंचे थे। इस दौरान वे सामान लेकर पैदल ही रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे।
इसी दौरान आरपीएफ की महिला जवान आनंदिता बारिक ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इससे दोनों के बीच पहले तू-तू-मैं-मैं से बात शुरू हुई जो धक्का-मुक्की तक बढ़ गई। इसके बाद महिला आरपीएफ जवान ने फोन कर मामले की सूचना अपने कार्यालय को दी।इस पर चार आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे जो सादे लिबास में रहे बीएसएफ जवान की न सिर्फ जमकर पिटाई कर दी बल्कि उन्हें पत्नी अर्पणा व एक साल के बच्चे के साथ थाने ले गए। जहां जवान को आठ घंटे तक हाजत में बंद कर रखा। तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इस मामले को लेकर अब दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ टाटानगर रेल थाना में लिखित शिकायत किया है।
बीएसएफ जवान की पत्नी अर्पणा ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में महिला आरपीएफ जवान ने उनके बैग को पैर से धक्का दिया। जब उनके पति को रोका और पैर पकड़ा तो मुझे कैसे छू लिया, यह कहती हुई महिला आरपीएफ आरक्षी ने उन्हें गालियां दी। उनकी मदद को पहुंचे चार अन्य आरपीएफ आरक्षी ने उनके पति को पीटा बल्कि उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया। इससे उनके बेटे को भी सिर पर चोट लगी है।
वहीं, पूरे मामले में महिला आरपीएफ आरक्षी आनंदिता बारिक ने बताया कि बीएसएफ जवान प्लेटफार्म नंबर दो से पैदल ही ट्रैक पार कर एक पर जा रहे थे। जब मैंने रोका तो उन्होंने मेरे साथ बदसलूकी की।

