गिरिडीह:नक्सलियों ने पूर्व उपमुखिया की गोली मारकर की हत्या, AK-47 और इंसास रायफल से गोलियां मारी गईं !

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के तेलिया बहियार में नक्सलियों ने पूर्व उपमुखिया की गोली मारकर की हत्या कर दी। मरने वाले की पहचान 30 वर्षीय असलम अंसारी पिता अब्दुल अंसारी के रूप में की गई है।बताया जाता है कि मंगलवार देर रात करीब साढ़े दस बजे पूर्व उप मुखिया पर घर के ठीक पास हमला हुआ। 5 नक्सली पैदल आए। इसमें से दो लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी प्रारंभ कर दी।वहीं, दावा किया जा रहा है कि AK 47 और इंसास रायफल से कुल 5 गोलियां मारी गईं। इसमें दो गोली पूर्व उपमुखिया के जमीन पर गिरने के बाद मारी गई। इसके बाद एक लोहे के रॉड से भी वार किया गया। हमला करने के बाद हमलावार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चले गए।

बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह हमला हुआ। उस दौरान पूर्व उप मुखिया के पिता और भाई मौके पर मौजूद थे। कुछ देर पहले ही असलम अंसारी बाइक से घर लौटे थे। वह घर के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान 5 लोग पैदल आए। उन्होंने असलम से पूछा कि यह किसका घर है। जवाब मिलने के साथ ही दो लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में मौके पर ही असलम की मौत हो गई।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार की सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।बताया जा रहा है कि हमला AK 47 और इंसास रायफल से किया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि असलम वर्ष 2010 में उप मुखिया चुने गए थे। आसपास के इलाकों में उनकी काफी लोकप्रियता थी। घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार की सुबह घटनास्थल पर लोगों का जनसैलाब उमड़ गया।