शौच पर गई गर्भवती को गजराज ने दी दर्दनाक मौत…. पहले जमीन पर पटका…फिर शरीर पर करता रहा सूंड़ से वार….

चाईबासा/जगन्नाथपुर।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत हाथी प्रभावित क्षेत्र तोडांगहातु पंचायत के सोसोपी गांव में हाथी ने एक गर्भवती महिला को पटक कर मार डाला। घटना गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे की है। मृतका का नाम शुक्रमनी तियू है।उसके पति ब्रजमोहन चातोम्बा ने बताया कि वह और उसकी पत्नी गांव में घर से अलग-अलग दिशा में शौच करने गये हुए थे। तभी एक हाथी शौच कर रही गर्भवती महिला के सामने अचानक आ गया।

महिला किसी तरह चुपके से भागने का प्रयास कर रही थी पर हाथी ने दौड़ कर उसे सूंड़ से पकड़ लिया और सामने ही पटक दिया। उसके बाद लगभग पंद्रह मिनट तक हाथी उसे शरीर पर सूंड़ से वार करता रहा। काफी चिल्लाने पर भी वह नही भागा। बाद में वह खुद जंगल की तरफ चला गया।

गंभीर हालत में परिजन गर्भवती महिला शुक्रमनी तियू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर एम्बुलेंस से लेकर आये। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को घटना की सूचना नही है। परिजन महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी में लगे हुए है।