नर्तकियों को छेड़ने से रोका तो बारातियों को घेरकर पीटा,दूल्हे के पिता समेत 8 घायल….

आरा।बिहार के भोजपुर में बुधवार की रात 2 सगी बहनों की शादी से पहले गोलीबारी,मारपीट और पत्थरबाजी हुई। जिसमें दूल्हे के पिता, भाई समेत बराती पक्ष के 8 लोग जख्मी हो गए। जहां बराती बैठे थे वहां डांस चल रहा था। जिसमें गांव के लोगों ने नर्तकियों से दुर्व्यवहार किया। शरारती तत्वों को कुछ लोगों ने समझाया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। गांव से 30 लोगों को बुलाकर बरातियों पर हमला कर दिया।सगी बहनों की शादी एक मंडप में होनी थी, पर मारपीट के कारण लड़की के पिता ने बड़ी बहन की शादी पहले करा दी गई और छोटी की बाद में। घर के आंगन में दोनों की बारी-बारी से शादी हुई।

एक बराती डुमरिया से आई थी दूसरी का अभी पता नहीं चला। दोनों बराती 300 मीटर की दूरी पर शामियाने में बैठे थे। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया गांव का है।

जिन बरातियों से मारपीट की गई। वो छोटी बहन के लिए आए थे। डुमरिया गांव निवासी बीरेंद्र यादव के बेटे बैजू यादव की बरात पिपरहिया गांव आई थी। राममणि सिंह की छोटी बेटी सुनीता से बैजू की शादी हुई है।

सभी लोग शामियाने में बैठे थे। नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान वारदात हुई। जिसमें दूल्हे के पिता बीरेंद्र यादव, उनके बेटे सोनू राय, स्व. राम आश्रय सिंह के बेटे संजय सिंह (57), श्याम बिहारी सिंह के बेटे अभिषेक कुमार समेत 8 से ज्यादा लोग शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। बाराती पक्ष के लोगों ने शरारती तत्वों पर छिनतई का भी आरोप लगाया है।

जख्मी संजय सिंह ने बताया कि पूजा के बाद सभी लोग खाना खाकर शमियाना में नाच देख रहे थे। इसी बीच गांव के कुछ शरारती तत्वों ने नर्तकियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। अश्लील गाना बजाकर नर्तकियों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे। शरारती तत्वों को समझा बाहर कर दिया गया। इसके बाद उक्त लोगों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर शामियाने में बैठे बारातियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। गोलीबारी भी की।

संजय सिंह ने बताया कि शमियाने में भगदड़ मच गई। दूल्हे के पिता, भाई समेत अन्य रिश्तेदार जख्मी हो गए। डायल 112 की पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष आरा सदर अस्पताल पहुंचे । घायलों और पीड़ित परिवार से हाल-चाल लेने के बाद सभी को समझा कर शादी के लिए पिपरहिया गांव भेजा गया। घटना के बाद पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।