धनबाद:पति ने प्रेमिका के साथ फेसबुक पर स्टेटस लगाया,पत्नी नाराज होकर पहुँच गई महिला थाना,पति से छुटकारा चाहती है

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में पति पत्नी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है।बताया जाता है कि अन्य महिला के साथ फेसबुक पर स्टेटस लगाने से नाराज पत्नी महिला थाना पहुंच गई और अब अलग रहने की मांग कर रही है। बताया गया कि फेसबुक चैटिंग और स्टेटस पर पति पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि पिछले 3 महीने से पति से अलग रह रही महिला ने बुधवार 30 मार्च को महिला थाना में पति से छुटकारा पाने की गुहार लगाई।

क्या है मामला
धनबाद के गोन्दुडीह ओपी के दास टोला निवासी विजय दास और गोविंदपुर के असनबनी पंचायत की महिला की शादी 4 साल पूर्व हुई थी।पति पत्नी के बीच अच्छे संबंध चल रहे थे।इसी बीच फेसबुक के जरिए पति विजय दास की दोस्ती एक अन्य महिला से हो गई।इसके बाद पति द्वारा पत्नी को अनदेखा किया जाने लगा।धीरे-धीरे दोस्ती इतनी बढ़ी कि पति खुलेआम अपने फेसबुक पर प्रेमिका का फोटो अपलोड करने लगा। पत्नी ने विरोध किया तो पति उसे मायके छोड़ आया।इसके बाद पति मनमाने ढंग से प्रेमिका के साथ चैटिंग करता रहा। दोनों परिवारों के बीच कई बार अनबन भी हुई, बावजूद विजय दास अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। 3 महीने से पति से अलग रह रही पत्नी आज न्याय की गुहार लगाती महिला थाना पहुंची और अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत कर अलग रहने की मांग की।पति विजय दास का कहना है कि वह महिला रिश्ते में उसकी भाभी है।वह भी अपनी नहीं। इस मामले पर महिला थाना में दोनों पक्षों को घंटों समझाया बुझाया गया, लेकिन बात बन नहीं पाई।महिला थाना में पति पत्नी को समझा कर घर भेजने का प्रयास किया गया।