धनबाद:रिलायंस जियो टॉवर में लगी भीषण आग…

धनबाद:सुदामडीह थाना क्षेत्र के पाथरडीह मोहन बाजार हटिया समीप लगे रिलांयस जियो के मोबाईल टावर में रविवार को भीषण आग लगी। डीजी जनरेटर सेट में सार्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग से धुंआ का गुब्बार उठने लगा। हो हल्ला सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

सुदामडीह पुलिस भी सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची। लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए पड़ोस के पड़े बालू को आग पर डाला। परंतु आग की लपटें धीरे-धीरे बढ़ती ही चली गई। सूचना पाकर झरिया से झारखंड फायर सर्विस का एक वाहन पहुंचा। तब आग पर पूर्णरूप से काबू पाया जा सका। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। आगजनी की घटना से मोहन बाजार व उसके आसपास के क्षेत्रों में जियो उपभोक्ताओं के मोबाईल नेटवर्क में थोड़ी दिक्कतें हो रही है।

मोहन बाजार हटिया के समीप अनिल सिंह के घर के पीछे रिलांयस जियो मोबाईल टावर लगा है। जिसे सुचारू रूप से चलाने के लिए बिजली के साथ डीजी जनरेटर सेट भी है। रविवार अहले सुबह साढ़े पांच बजे सार्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। टावर के ठीक बगल में रहने वाले सरदार योगेंद्र सिंह की धर्मपत्नी ने आग देखी। उन्होंने घटना की सूचना अपने पति सरदार योगेंद्र सिंह को दी। जिसके बाद हो-हल्ला सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। सुदामडीह पुलिस को भी सूचना दी गई।