मुलायम सिंह यादव का निधन,राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं ने दुःख जताया है…

राँची।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने आज यानी सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस लीं। उनका निधन 10 अक्टूबर (आज) सुबह 8:16 मिनट पर हुआ। ये जानकारी उनके बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दी। जिसके बाद पूरे देश की राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौर गई। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से मुलायम सिंह यादव की हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।

श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!-द्रौपदी मुर्मू,राष्ट्रपति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।”

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर जताया दुख

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा- समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर से आहत हूं। आज राजनीति के एक युग का अंत हो गया। सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए हमेशा जीने वाले आदरणीय नेताजी सभी को सेवा और समर्पण की ज्योत देकर चले गए।