Ranchi:योनो एप पर पैन कार्ड अपडेट के लिए लिंक भेज साइबर अपराधियों ने खाते से निकाले 1.25 लाख रुपये

राँची।साइबर अपराधी इन दिनों लगातार लोगो को बैंक में पैन कार्ड तो कभी केवाईसी अपडेट के नाम पर लिंक भेज उनके खाते से ठगी कर रहे है। इसी तरह का नया मामला धुर्वा थाना में दर्ज हुआ है। प्राथमिकी एचईसी सेक्टर थ्री निवासी चंदन पटेल ने धुर्वा थाना में दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उनके पास 27 जनवरी की शाम 7.30 बजे एमएमएस से एक लिंक आया। लिंक में एसबीआई के उनके योनो एप से पैन कार्ड अपडेट करने का मैसेज था। यह देख चंदन पटेल ने लिंक खोला और अपने पैन का डिटेल डाला। इतने में ही उनके खाते से दो बार ट्रांजेक्शन हुआ। पहली बार में 26991 रुपए और दूसरी बार में 99999 रुपए की निकासी कर ली गई। जब पैसे निकलने का मैसेज उनके मोबाइल पर आया तो वे समझ गए कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। इसके बाद उन्‍होंने धुर्वा थाना में साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।