जिस्मफरोशी के धंधे में चर्चित होटल,धंधा बंद नहीं हुआ तो निगम प्रशासन ने होटल ही तोड़ दिया

डेस्क टीम।
रीवा।मध्य प्रदेश के रीवा में सेक्स रैकेट के लिए बदनाम होटल दीप लॉज को प्रशासन ने शुक्रवार को तोड़ दिया।रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले दिनों इसी होटल से कई युवक-युवती जिस्मफरोशी का धंधा करते पकड़े गए थे। प्रशासन ने बुलडोजर चला कर लॉज को ध्वस्त कर दिया।इसी साल 2 जनवरी को शहर के प्रमुख मार्ग में स्थित दीप लॉज में पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने छापा मारा था। यहां पर अवैध रूप से जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था। पुलिस ने लॉज से सात युवक और छह युवतियों को संदिग्ध हालत में पकड़ा था। पुलिस ने जिस्मफरोशी की सरगना सहित होटल मैनेजर को भी गिरफ्तार किया था। सूचना मिलने के बाद एक पुलिस वाले को होटल के अंदर ग्राहक बनाकर भेजा गया था। उसके सिग्नल के बाद होटल में छापा मारा गया था।
इसके बाद से ही दीप लॉज के खिलाफ लगातार जांच चल रही थी। निगम प्रशासन को होटल के अंदर स्वीकृत मानचित्र के अलावा भी निर्माण मिला था। रीवा में जिस्मफरोशी के चलते चर्चा में आए होटल पर इस तरीके की कार्रवाई पहली बार की गई है।

शुक्रवार को नगर निगम और पुलिस की टीम बुलडोजर के साथ पहुंची और उसे ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री एच के त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि होटल दीप लॉज में अवैध निर्माण पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।